#बालाघाट
लोकगीत, लोकनृत्य, नाटक, कविता और पेंटिंग से सजा युवा उत्सव का मंच
जिला स्तरीय 30वें युवा उत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय 30वें युवा उत्सव में जिले के युवाओं और छात्र-छात्राओं ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्सव में सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे, जिला खेल अधिकारी श्री राहुल बारेसा तथा निर्णायकगणों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। युवा उत्सव के दौरान प्रतिभागियों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से जिले की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। वहीं नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए। कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी कल्पनाशीलता, विचारों और भावनाओं को रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया।
इस आयोजन ने युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ ही कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच प्रदान किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्णायकगण श्री अशोक सागर मिश्र, श्री मनोज शर्मा, श्री रमेश सिंह ठाकुर, सुश्री ज्योति परिहार, श्री राजेंद्र शुक्ला एवं श्री अजय बैस सहित जिला खेल अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, समस्त युवा समन्वयक एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_DSYW
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026