दिव्यांगजनों के लिए बड़ी खुशखबरी! कृत्रिम हाथ-पैर और कैलिपर्स पाने का बढ़ा मौका, रेडक्रॉस ने दो दिन बढ़ाई शिविर की अवधि
शाहजहांपुर। जिले के दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। कृत्रिम हाथ-पैर और सहायक उपकरण पाने के इंतजार में बैठे जरूरतमंदों को अब दो दिन का अतिरिक्त मौका दिया गया है। अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को लाभ पहुंचाने के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी ने शिविर की अवधि बढ़ाकर 19 नवंबर तक कर दी है। अब 18 और 19 नवंबर को भी पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण और माप लेकर पंजीकरण किया जाएगा।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहांपुर और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय के संयुक्त सहयोग से यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेडक्रॉस कार्यालय में आयोजित किया जा रहा है। इसमें पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स सहित अन्य जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण और माप की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कोई जरूरतमंद सुविधा से न रह जाए वंचित
शिविर की अवधि बढ़ाने का निर्णय इसलिए लिया गया है, ताकि जिले के दूरदराज के विकासखंडों में रहने वाले दिव्यांगजन भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें। रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि 16 और 17 नवंबर को आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने पहुंचकर परीक्षण और पंजीकरण कराया। इसके बावजूद कोई पात्र व्यक्ति छूट न जाए, इसलिए शिविर को दो दिन और बढ़ाया गया है।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
शिविर में आने वाले दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो जरूर लेकर आएं।
डॉ. विजय जौहरी ने जनपद के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 18 और 19 नवंबर को शिविर में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रेडक्रॉस लगातार प्रयास कर रही है। संस्था इससे पहले मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए भी पात्र दिव्यांगजनों के चयन और चिन्हांकन में सहयोग कर चुकी है।
Hardoi, Hardoi | Nov 17, 2026