Public App Logo
जिलाधिकारी ने *फार्मर रजिस्ट्री अभियान* की समीक्षा की, अधिकारियों को लंबित आवेदनों को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया ---------------------- पदाधिकारीगण सरकार के निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें एवं लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि लाएँ; फार्मर रजिस्ट्री अभियान में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगीः जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिया निदेश ---------------------- इस पूरे अभियान के केंद्र बिंदु हमारे किसान भाई; अधिक-से-अधिक किसान अपना फार्मर आईडी बनवाएँ तथा सुगम एवं पारदर्शी तरीके से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएँः जिलाधिकारी ने किसानों से किया आह्वान ------------------------ मुजफ्फरपुर, मंगलवार, दिनांक 18.08.2026ः जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा फार्मर रजिस्ट्री अभियान में प्रगति की समीक्षा की गई तथा अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया। पदाधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी का कार्य मिशन मोड में सम्पन्न करने का निर्देश दिया गया। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों, जिला कृषि पदाधिकारी, अपर समाहर्ता एवं उप विकास आयुक्त को क्षेत्रीय अधिकारियों के माध्यम से किसान बंधुओं के बीच सघन जन-जागरूकता अभियान चलाकर एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने एवं लंबित आवेदनों को शीघ्र निष्पादित करने सहित विशेष शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। ज़िलाधिकारी ने कहा कि इस पूरे अभियान के केंद्र बिंदु हमारे किसान भाई हैं। सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र आपकी सहायता के लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। सभी 373 पंचायतों में विशेष अभियान के तहत शिविर लगाया जा रहा है। उन्होंने किसान बंधुओं से अपील करते हुए कहा कि आप कैम्प में भाग लेकर फार्मर आईडी बनवाएँ एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का पारदर्शी एवं सुचारू रूप से लाभ उठाएँ। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में से एक है। किसान बंधुओं की सहायता के लिए सरकार द्वारा नियमित तौर पर कैम्प लगाया जा रहा है ताकि अधिक-से-अधिक किसान अपना फार्मर आईडी बना सकें एवं योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त कर सकें। पूर्व की शिविरों में बेहतर प्रदर्शन किया गया था। जिला के सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवनों/पंचायत कृषि कार्यालयों/अन्य निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर कैम्प लगाया जा रहा है। किसान बंधुओं से अपील है कि वे इस कैम्प में भाग लें तथा अपना फार्मर आईडी बनवाएँ। इससे आपको डिजिटल पहचान की प्राप्ति होगी तथा पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सुगम एवं पारदर्शी तरीके से मिलेगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इस विशेष अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि बंदरा, मुरौल, मुशहरी सहित अन्य कई प्रखण्डों में फ़ार्मर रजिस्ट्री अभियान में अच्छा कार्य किया जा रहा है। सभी प्रखंड बेहतर ढंग से कार्य करें। इस विशेष अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी अधिकारी या कर्मचारी लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने में शिथिलता या लापरवाही बरतेंगे उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों का भ्रमण कर कार्यों में तेजी लाने का निदेश दिया। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी अंचलों में विशेष अभियान में प्रगति का नियमित अनुश्रवण करने का निदेश दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी को किसानों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएससी/ वसुधा केंद्रों पर भी फार्मर रजिस्ट्री की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है। साथ ही किसान स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल https://bhfr.agristack.gov.in/farmer-registry-bh/#/ के माध्यम से घर बैठे अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। कृषि विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18001801551 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का हेल्पलाईन नंबर 18003456215 है। किसानों द्वारा किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपर्युक्त हेल्पलाईन नंबर के साथ जिला कृषि पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारी या किसान सलाहकार से सम्पर्क किया जा सकता है। ================== फार्मर रजिस्ट्रीः किसानों की डिजिटल पहचान (क) पंजीकरण कैसे करें ? * अपने पंचायत के कृषि समन्वयक/किसान सलाहकार/राजस्व कर्मचारी से सम्पर्क करें * अपने नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाएँ * CSC ऑपरेटर द्वारा किसान रजिस्ट्री कराएँ, सभी CSC/वसुधा केंद्रों पर पंजीकरण की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध * किसान स्वयं से भी पंजीकरण कर सकते हैं (ख) आवश्यक दस्तावेज * आधार कार्ड * मोबाईल नम्बर * स्वयं के नाम से जमाबंदी (ग) पंजीकरण के फायदे * पी० एम० किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ * फसल बीमा, के०सी०सी०, सहायता अनुदान, फसल नुकसान पर वास्तविक क्षति का लाभ * सभी योजनाओं का लाभ एक डिजिटल पहचान के साथ (छ) बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल URL https://bhfr.agristack.gov.in/farmer-registry-bh/#/ के माध्यम से या QR Code स्कैन करके आप स्वयं अपना फार्मर आई०डी० बनायें या CSC/वसुधा केन्द्र पर जाकर फार्मर आई०डी० बनवायें तथा अपने सभी प्लॉट को फार्मर आई.डी. के साथ जोड़ें। (ज) अधिक जानकारी के लिए सम्पर्क करेंः- प्रखंड कृषि पदाधिकारी/अंचलाधिकारी/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी/जिला कृषि पदाधिकारी (झ) हेल्पलाइन नम्बरः कृषि विभागः 18001801551, राजस्व एवं भूमि सुधार विभागः 18003456215 - Muzaffarpur News