जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पश्चिम चम्पारण द्वारा समाहरणालय सभागार में "नशामुक्त भारत–विकसित भारत की पहचान" विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यशाला में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त और सकारात्मक जीवन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। सहायक निदेशक विकास कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन विभिन्न माध्यमों से जन जागरूकता अभियान चला रहा है। कार्यक्रम में जीविका दीदियों और शिक्षकों ने भी नशे के सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखे। नशामुक्त सप्ताह के तहत आयोजित निबंध, चित्रकला और क्वीज प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाकर अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और जीविका दीदियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। साथ ही सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेकर नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दोहराया।
#districtpolicewestchamparan #champaran24news #viralreelschallenge #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #samratchoudhary #BettiahNews