*गंडक नदी में बढ़ते जलस्राव को लेकर जिलाधिकारी ने किया तटबंधों का निरीक्षण*
*रतनपुर डीही एवं रेवा घाट के संवेदनशील स्थलों का लिया जायजा, अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश*
नेपाल के गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में विगत कई दिनों से हो रही अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी में बढ़ रहे अत्यधिक जलस्राव को देखते हुए जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने आज गंडक नदी के तटबंधों के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने रतनपुर डीही एवं रेवा घाट पहुंचकर तटबंधों की स्थिति, नदी के जलस्तर एवं संवेदनशील बिंदुओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सरैया, पारू एवं साहेबगंज के अंचल अधिकारियों (सीओ) को सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्णतः अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
*जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार, लोगों से सजग एवं सतर्क रहने की अपील*
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने कहा कि नेपाल के तराई क्षेत्र एवं गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी वर्षा के मद्देनजर बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोग पैनिक न हों, लेकिन सजग एवं सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संपूर्ण आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्धारित SOP के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। NDRF एवं SDRF की टीमें भी अलर्ट मोड में हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तटबंधों एवं नदी के संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी करने तथा स्थानीय लोगों से नियमित संवाद स्थापित कर जमीनी स्थिति की जानकारी एवं फीडबैक प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पदाधिकारी स्थिति के अनुसार तत्काल रिस्पॉन्ड करें और किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
*नदी के जलस्तर, वर्षापात एवं मौसम संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने का निर्देश*
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी नदियों के जलस्तर, मौसम विभाग से प्राप्त सूचनाओं तथा वर्षापात के आंकड़ों पर लगातार नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि SOP के अनुसार अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रिस्पॉन्ड करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हुए स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*सभी विभागों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश*
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रभावित लोगों के जान-माल की सुरक्षा एवं ससमय राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, पीएचईडी, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं सार्थक संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित रखें तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को तत्काल प्रभाव से संचालित किया जाए।
*अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासनिक सूचनाओं पर करें भरोसा*
जिलाधिकारी ने आम लोगों से विशेष अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट, अप्रामाणिक एवं भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ या जलस्तर से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल जिला प्रशासन एवं सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
उन्होंने लोगों से बाढ़ की स्थिति में सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी एवं प्रशासन द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सजग, सक्रिय एवं तत्पर है तथा आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
*किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए संपर्क करें*:
(1) जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र, मुजफ्फरपुर : 0621-2212007
(2) राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार, पटना: हेल्पलाइन नंबर: 0612-2294204/205, आपातकालीन सहायता नंबर 1070
#CMSamrat
#samratchaudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
2 views | Muzaffarpur, Bihar | Sep 29, 2026