सवाई माधोपुर की सूरवाल ग्राम पंचायत ने बनाया रिकॉर्ड, सरपंच पद के लिए 43 प्रत्याशी मैदान में
निर्वाचन आयोग के 40 चुनाव चिन्ह पड़े कम, तीन अतिरिक्त प्रतीक चिन्ह करवाने पड़े जारी; प्रदेश में भी सबसे अधिक उम्मीदवारों वाली पंचायत होने की चर्चा
सवाई माधोपुर। जिले की एक ग्राम पंचायत इन दिनों अपने अनोखे चुनावी रिकॉर्ड को लेकर चर्चा में है। सवाई माधोपुर पंचायत समिति की सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए प्रत्याशियों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित 40 निर्वाचन प्रतीक चिन्ह भी कम पड़ गए। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग से तीन अतिरिक्त चुनाव चिन्ह जारी करवाने पड़े।
जानकारी के अनुसार करीब 6566 मतदाताओं वाली सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए चुनावी मुकाबले में उतरने के लिए कुल 55 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा एवं प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरपंच पद के लिए 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए।
निर्वाचन आयोग की ओर से सरपंच पद के लिए अधिकतम 40 निर्वाचन प्रतीक चिन्ह निर्धारित किए गए हैं, लेकिन सूरवाल में 43 प्रत्याशी होने के चलते तीन प्रतीक चिन्ह कम पड़ गए। इसके बाद शेष तीन प्रत्याशियों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से विशेष अनुमति लेनी पड़ी। आयोग ने तीन अतिरिक्त प्रतीक चिन्ह आवंटित कर चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाई।
इतना ही नहीं, सरपंच पद के लिए 43 प्रत्याशियों की मौजूदगी के चलते मतदान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त मतदान कार्मिक भी तैनात किए गए हैं।
इस तरह सूरवाल ग्राम पंचायत पंचायतीराज चुनावों में सवाई माधोपुर जिले के लिए एक अलग रिकॉर्ड बनाकर चर्चा में आ गई है। वहीं राजनीतिक और चुनावी चर्चाओं में यह दावा भी किया जा रहा है कि सरपंच पद के लिए 43 उम्मीदवारों वाली सूरवाल प्रदेश की एकमात्र ग्राम पंचायत हो सकती है। हालांकि, प्रदेश स्तर पर इस दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।