नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी - जसपाल सिंह गिल
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं रोकथाम के प्रति किया जागरूक
यमुनानगर 4 नवंबर -(राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: जिला समाज कल्याण विभाग यमुनानगर की ओर से नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छछरौली में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता बख्शी, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान, जिला समाज कल्याण अधिकारी ईश्वर राठी तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. उषा रानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक संगठनों का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिंकू काउंसलर तथा माइंड केयर अस्पताल, यमुनानगर के काउंसलर करमजीत सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने नशे की लत से बचने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नशे की प्रवृत्ति दिखाई देने पर समय रहते परामर्श एवं उपचार लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त वंदे भारत फाउंडेशन के विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 4, 2026