गणेश मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चन्दौसी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर कस्बे में आयोजित होने वाले गणेश मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सम्भल अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने चन्दौसी पहुंचकर मेला स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए बनाए गए मार्गों की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। साथ ही अस्थायी कोतवाली की स्थापना भी की गई है। इसके माध्यम से मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति में पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम और एसपी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
अधिकारियों ने मेला आयोजकों से पुलिस-प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि गणेश चतुर्थी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
Chandausi, Sambhal | Sep 10, 2026