सम्भल पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने पर 23 वाहन सीज किए और 365 के चालान काटे
पुलिस ने सुरक्षा दृष्टि को लेकर ई-रिक्शा व टेंपो के पायदान हटवाए
सम्भल। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सम्भल पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं प्रवर्तन टीमों ने प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ओवरलोडिंग, क्षमता से अधिक सवारी, बिना परमिट व आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान 23 वाहनों को सीज और 365 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही 10 ई-रिक्शा व टेंपो के पायदान हटवाए गए। कार्रवाई में कुल 9 लाख 60 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारी बैठाने, वैध दस्तावेज व परमिट रखने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए जागरूक किया।
पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।