जमुई: समारोह आयोजित कर सेवानिवृत सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सैयद नौशाद अहमद, दी गई विदाई
सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में सोमवार की देर शाम 7:00 बजे तक समारोह का आयोजन कर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. सैयद नौशाद अहमद के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन डा. मनीष कुमार ने किया। समारोह में सदर अस्पताल के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने डा. नौशाद अहमद को पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके लंबे, अनुकरणीय और समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए उनके सरल व्यक्तित्व, कार्यकुशलता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की मुक्तकंठ से सराहना की। अपने संबोधन में सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि डा. सैयद नौशाद अहमद ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका अनुभव और मार्गदर्शन सदैव स्वास्थ्य विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं अन्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भी कहा कि डा. सैयद नौशाद अहमद ने सदैव टीम भावना के साथ कार्य किया और अपने व्यवहार तथा कार्यशैली से सभी का दिल जीता। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ी के चिकित्सकों के लिए आदर्श बनी रहेगी। अपने विदाई संबोधन में डा. सैयद नौशाद अहमद ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरे सेवाकाल में साथियों का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल से जुड़ी यादें उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगी। भावुक माहौल के बीच सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। #jamuibihar #jamuitopnews #healthvibhag
Jamui, Jamui | Jul 27, 2026