बांसनी में जंगली सूअर का शिकार, घर में रखा मिला पका मांस; वन विभाग ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
दमोह। वन परिक्षेत्र दमोह के ग्राम बांसनी में जंगली सूअर के अवैध शिकार और उसका मांस घर में रखने के मामले का वन विभाग ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग की टीम ने आरोपियों के घर पर दबिश देकर बर्तन और डिब्बों में रखा पका, उबला एवं भुना हुआ मांस बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने जंगली सूअर का शिकार कर उसका मांस रखने की बात स्वीकार कर ली।
वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे एवं उपवनमंडल अधिकारी एमडी मानिकपुरी के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर खून लगा कुल्हाड़ी का बेंट, धारदार हथियार (हरिया), जंगली सूअर के बाल तथा मांस के अन्य टुकड़े भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री के वैज्ञानिक परीक्षण के लिए नमूने सुरक्षित किए गए हैं।
वन विभाग ने आरोपी पच्चू गोंड और गोकुल गोंड, निवासी ग्राम बांसनी, थाना दमोह देहात के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 704/26 दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की विवेचना जारी है। वन विभाग ने नागरिकों से वन्यजीवों के शिकार या अन्य वन अपराधों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के शिकार करने की भी जानकारी तत्काल विभाग को देने की अपील की है, ताकि वन्यजीवों का प्रभावी संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
Damoh, Damoh | Jun 27, 2026