बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की छात्राओं से डीएम विशाल मिश्रा ने किया सीधा संवाद!!
करियर, व्यक्तित्व विकास और साइबर सुरक्षा पर हुई चर्चा,
निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र बढ़ाने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश!!
रुद्रप्रयाग में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में संवाद किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं की शैक्षिक एवं करियर संबंधी समस्याओं, भविष्य की योजनाओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने छात्राओं को आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बीपीएल परिवारों की पात्र छात्राओं को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों में उच्च शिक्षा के लिए विभाग की ओर से फीस उपलब्ध कराई जाती है। जनपद में अब तक 67 छात्राएं योजना के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रम पूर्ण कर चुकी हैं। इनमें पांच ने बीए, एक ने बीएससी, एक ने बीकॉम, एक ने एमए, दो ने एमएसडब्ल्यू तथा दो छात्राओं ने डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूर्ण किया है। वर्तमान में 43 छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि इस वर्ष योजना के तहत 12 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य पात्र बालिकाओं को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। ग्रेजुएशन के बाद की शिक्षा के लिए भी स्पॉन्सरशिप के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।