बारिश के बीच आबादी क्षेत्रों में बढ़ी सांपों की आवाजाही, सूचना पर पहुंच रही वन विभाग की क्यूआरटी!!
बरसात के मौसम में हरिद्वार के आबादी क्षेत्रों में सांप और अन्य जलीय जीवों के घरों में घुसने का सिलसिला जारी है। वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) लगातार ऐसे मामलों में मौके पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर रही है।
रविवार को सुभाष नगर क्षेत्र में एक घर के बाहर कोबरा सांप दिखाई देने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की गई।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि बरसात के दौरान सांपों समेत अन्य जीव आबादी क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। ऐसे मामलों की सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यूआरटी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।