मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीण क्षेत्रों का किया भ्रमण
..
जनसंवाद कार्यक्रमों में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने लटेरी तहसील के क्लस्टर खेरखेड़ी एवं उनारसी कला के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर विकास कार्यों एवं शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटी मर्यादित (बी-पैक्स) आनंदपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने सोसायटी की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र सुनखेर, पंचायत भवन तथा निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके उपरांत श्री सनोडिया आनंदपुर ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने गौशाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदपुर एवं सोसायटी पैक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसंवाद कार्यक्रम में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं -
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने आनंदपुर ग्राम पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए। अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा उन्हें शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उद्यम संवाद में युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित -
जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने ग्राम कालादेव के पंचायत भवन में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने उद्यमियों एवं ग्रामीण नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। उद्यम संवाद के दौरान उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामीण एवं युवा नागरिकों को शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उनारसी कला में भी ग्रामीणों से किया संवाद -
इसके बाद जिला पंचायत सीईओ श्री सनोडिया ग्राम उनारसी कला पहुंचे। यहां पंचायत भवन परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीण नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उन्होंने उनारसी कला ग्राम में नवनिर्मित विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से सब स्टेशन की क्षमता एवं इसके माध्यम से कितने ग्रामों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, इसकी जानकारी ली। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। #vidisha
7 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026