वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का विदिशा में शुभारंभ
---------------------------------
जिले की सभी 577 ग्राम पंचायतों में 31 दिसंबर तक चलेगा अभियान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से पात्र नागरिकों को शत-प्रतिशत जोड़ने का लक्ष्य
---------------------------------
विदिशा। वित्तीय सेवाएं विभाग (DFS), वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार विदिशा जिले में आज से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का शुभारंभ हुआ। जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं शहरी स्थानीय निकायों में 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक बीमा, पेंशन एवं अन्य वित्तीय सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर विदिशा में आयोजित वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भोपाल की क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती सुजाता लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक, एसबीआई भोपाल सर्कल श्री प्रवास कुमार सुबुद्धी, एसएलबीसी भोपाल के महाप्रबंधक श्री धीरज गोयल तथा आरबीआई भोपाल के उप महाप्रबंधक श्री विक्रम सिंह राजपूत मंचासीन रहे।
कार्यक्रम में नाबार्ड की उप महाप्रबंधक श्रीमती जगप्रीत कौर सबरवाल, एसबीआई के उप महाप्रबंधक व्यवसाय एवं संचालन श्री साईकृष्ण श्रीधरा, उप महाप्रबंधक एसबीआई चैनल मैनेजमेंट श्री ललित माथनकर, केनरा बैंक के उप महाप्रबंधक श्री कीर्ति नागर तथा भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्री धीरज गुप्ता सहित बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
▪️ साइबर फ्रॉड से बचाव एवं री-केवाईसी की दी जानकारी -
शिविर में मुख्य महाप्रबंधक, एसबीआई भोपाल सर्कल श्री प्रवास कुमार सुबुद्धी ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए नागरिकों को बैंकिंग लेन-देन में सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया। उन्होंने री-केवाईसी की आवश्यकता एवं महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़े दस्तावेज एवं जानकारी समय पर अपडेट रखने का आग्रह किया। मुख्य अतिथि श्रीमती सुजाता लाल, क्षेत्रीय निदेशक, आरबीआई भोपाल ने उपस्थित जनसमूह को अल्प बचत (Small Savings) के महत्व, दैनिक जीवन में बजट प्रबंधन तथा संस्थागत वित्तीय तंत्र से निरंतर जुड़े रहने के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने वित्तीय जागरूकता को मजबूत बनाने और उपलब्ध बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
▪️ किसानों, स्व सहायता समूहों की दीदियों व ग्रामीणों ने लिया हिस्सा -
शुभारंभ शिविर में जिले के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान, आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों (SHG) की दीदियां, बैंक सखियां, कृषक मित्र तथा स्थानीय ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शिविर में पात्र हितग्राहियों के बीमा एवं पेंशन योजनाओं से संबंधित फॉर्म मौके पर ही भरवाए गए। साथ ही हितग्राहियों की जिज्ञासाओं एवं बैंकिंग संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
▪️ प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी -
वित्तीय साक्षरता सत्र के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY) तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) सहित विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इन योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
▪️ 577 ग्राम पंचायतों में लगेंगे पंचायत स्तर पर शिविर -
अग्रणी जिला प्रबंधक श्री बी.एस. वघेल ने बताया कि 31 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले इस महाभियान के तहत विदिशा जिले की सभी 577 ग्राम पंचायतों को क्लस्टर में विभाजित किया गया है। संबंधित बैंक शाखाओं द्वारा पंचायत स्तर पर निरंतर वित्तीय समावेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा और उन्हें बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने पर जोर रहेगा, जो अभी तक बीमा, पेंशन अथवा अन्य वित्तीय सुरक्षा योजनाओं से नहीं जुड़ पाए हैं। पंचायत स्तर पर शिविरों के आयोजन से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही योजनाओं से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय विदिशा के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री योगेश चौहान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, बैंकिंग संस्थानों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। #vidisha
18 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026