ई-दक्ष केंद्र में लोक सेवा प्रदाय गारंटी एवं सीएम हेल्पलाइन पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
------------------------------
अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध लोक सेवाओं, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण और ई-सेवाओं के प्रभावी उपयोग का दिया जा रहा प्रशिक्षण
-------------------------------
भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग तथा आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल के तत्वावधान में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार ई-दक्ष केंद्र, विदिशा में लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत निवारण में सूचना प्रौद्योगिकी के प्रयोग विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 एवं 22 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में लोक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने, सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकाधिक उपयोग करने के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता बढ़ाना है।
प्रशिक्षण के दौरान लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के प्रावधानों, निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, सीएम हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया, ऑनलाइन पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जा रही है। साथ ही मध्यप्रदेश शासन द्वारा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं में आवेदन की प्रक्रिया तथा उपयोगी ई-सेवाओं के संबंध में भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाइव पोर्टल के माध्यम से प्रक्रियाओं की जानकारी देकर उनके व्यावहारिक उपयोग का अभ्यास कराया जा रहा है। इससे प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न ऑनलाइन व्यवस्थाओं को समझने तथा शासकीय कार्यों में उनका प्रभावी उपयोग करने में सहायता मिल रही है। कार्यक्रम में शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक-केंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग से शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध लोक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है।
यह प्रशिक्षण जिले में लोक सेवा प्रदाय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा जन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ ही लोक प्रशासन में सेवा भावना, संवेदनशीलता और जवाबदेही को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रबंधक लोक सेवा एवं ई-दक्ष केंद्र श्री अमित अग्रवाल तथा प्रशिक्षक श्री चंद्रजीत रघुवंशी द्वारा लाइव पोर्टल्स के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। #vidisha #JansamparkMP
16 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026