महिला आयोग उपाध्यक्ष का भिवानी में औचक निरीक्षण
भिवानी।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार ने बुधवार को पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजीना, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाणी माहू एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवासा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में आंतरिक शिकायत निवारण समितियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और समितियों के गठन एवं उनके द्वारा की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया।
बजीणा और रिवासा स्कूल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंतरिक शिकायत निवारण समिति का भी गठन करने के साथ-साथ शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।
मीना परमार ने स्कूल प्राचार्यों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई में किसी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने कहा कि छात्राएं कड़ी मेहनत करें और अपना लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। उन्हें किसी भी प्रकार से घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। हरियाणा महिला आयोग हमेशा उनके साथ खड़ा है और छात्राओं के हितों पर कभी आंच नहीं आने दी जाएगी।