कमिश्नर मोनिका मलिक ने भिवानी ऑफिसर्स की ली बैठक
भिवानी।
रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीसी कार्यालय में एसआईआर के दौरान छूटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बीएलओ को उपलब्ध मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप, ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र और घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी।
मोनिका मलिक ने निर्देश दिए कि अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग की गाईडलाइन के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित पात्र मतदाताओं के नाम भी अंतिम मतदाता सूची में 20 नवंबर तक शामिल करवाना सुनिश्चित करें। जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में प्रपत्र वापस नहीं मिलने के कारण उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए, वे अब दोबारा आवेदन कर सकेंगे।