प्रेस विज्ञप्ति
नालन्दा।
..........................
आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को श्रीमती उदिता सिंह, जिलाधिकारी, नालन्दा एवं श्री भारत सोनी, पुलिस अधीक्षक, नालन्दा की संयुक्त अध्यक्षता में बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में सड़क जाम की समस्या, सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र में संभावित अर्बन फ्लडिंग (Urban Flooding), जलजमाव, यातायात बाधित होने की स्थिति तथा लगातार बढ़ते सड़क जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
शहर में ई-रिक्शा के अनियंत्रित परिचालन को जाम का एक प्रमुख कारण बताते हुए जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा का परिचालन निर्धारित रूट के अनुसार कराने का निर्देश दिया। इसके लिए आवश्यक रूट निर्धारण, चिन्हांकन एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
रामचंद्रपुर, मछली मंडी, मामू-भगिना मोड़, अंबेर चौक, हॉस्पिटल मोड़ एवं भैंसासुर मोड़ को अत्यधिक संवेदनशील एवं जाम प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित करते हुए इन सभी स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाकर सड़क की पूरी चौड़ाई का उपयोग यातायात के लिए सुनिश्चित किया जाए।
यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जाम प्रभावित एवं संवेदनशील स्थलों (हॉटस्पॉट) को चिन्हित कर वहां दो शिफ्टों में होमगार्ड एवं पुलिस कांस्टेबल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित स्थानों पर नियमित निगरानी रखते हुए यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखें।
भागनबीघा–नूरसराय–चंडी रोड पर वाहनों के तेज गति से परिचालन पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
भैंसासुर से समाहरणालय तथा एतवारी बाजार क्षेत्र में स्थित चिकित्सकों एवं विभिन्न क्लीनिक संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर उनके यहां आने वाले रोगियों के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित होता है, इसलिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए।
इसके अतिरिक्त खंदकपर रेलवे क्रॉसिंग के समीप यातायात को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से डिवाइडर निर्माण कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि वाहनों का आवागमन नियंत्रित एवं सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, यातायात शाखा एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Damodar Rawat
Transport Department, Government of
#BiharTransportDept
#RoadSafetyAwareness
#TrafficSafety
#सुरक्षित_यात्रा
#यातायात_सुरक्षा
Nalanda, Bihar | Jul 2, 2026