प्रेस विज्ञप्ति
नालन्दा।
......................
आज दिनांक- 2 जुलाई 2026 श्रीमती उदिता सिंह, जिलाधिकारी, नालन्दा की अध्यक्षता में "टी.बी. मुक्त भारत अभियान" के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में 100 प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग के लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त किया जाए।
इसके लिए दिनांक 03 जुलाई 2026 से जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रेफरल अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल एवं सदर अस्पताल में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT), डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, निश्चय मित्र योजना तथा फूड बास्केट वितरण सहित सभी निर्धारित संकेतकों (Indicators) में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। इन सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण जिला स्तर से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, जीविका के प्रखंड प्रबंधक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी संयुक्त रूप से अभियान की निगरानी करेंगे तथा स्क्रीनिंग कार्य का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे।
समुदाय स्तर पर विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां, कृषि सलाहकार तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि जन-जागरूकता एवं अधिकाधिक लोगों को स्क्रीनिंग हेतु प्रेरित करने का कार्य करेंगे। वहीं आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर भ्रमण कर संभावित टीबी रोगियों एवं टीबी रोगियों के संपर्क में आए व्यक्तियों (TB Contacts) की पहचान करते हुए उन्हें स्क्रीनिंग केन्द्रों तक लाने तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT) के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
कल से "टी.बी. मुक्त भारत अभियान" के अंतर्गत सभी प्रखंड मुख्यालयों से चलंत चिकित्सा दल को हरी झंडी दिखाकर फील्ड के लिए रवाना किया जाएगा।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक चलंत चिकित्सा दल प्रतिदिन कम-से-कम 150 लोगों की टी.बी. स्क्रीनिंग करेगा।
इस अभियान का उद्देश्य अधिक-से-अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना, टी.बी. रोगियों की शीघ्र पहचान करना तथा नालन्दा जिले को टी.बी. मुक्त बनाने के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक प्राप्त करना है।
जिले के सभी प्रखंडों के लिए प्रतिदिन का टीबी स्क्रीनिंग लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार: —
1. सरमेरा प्रखंड अंतर्गत 535 TB स्क्रीनिंग
2. कतरीसराय प्रखंड अंतर्गत 385 TB स्क्रीनिंग
3. बिंद प्रखंड अंतर्गत 490 TB स्क्रीनिंग
4. नगरनौसा प्रखंड अंतर्गत 520 TB स्क्रीनिंग
5. सिलाव प्रखंड अंतर्गत 625 TB स्क्रीनिंग
6. चंडी प्रखंड अंतर्गत 625 TB स्क्रीनिंग
7. बेन प्रखंड अंतर्गत 595 TB स्क्रीनिंग
8. अस्थावां प्रखंड अंतर्गत 730 TB स्क्रीनिंग
9. राजगीर प्रखंड अंतर्गत 550 TB स्क्रीनिंग
10. करायपरसुराय प्रखंड अंतर्गत 460 TB स्क्रीनिंग
11. नूरसराय प्रखंड अंतर्गत 745 TB स्क्रीनिंग
12. परवलपुर प्रखंड अंतर्गत 460 TB स्क्रीनिंग
13. थरथरी प्रखंड अंतर्गत 430 TB स्क्रीनिंग
14. रहुई प्रखंड अंतर्गत 655TB स्क्रीनिंग
15. एकंगरसराय प्रखंड अंतर्गत 790 TB स्क्रीनिंग
16. इस्लामपुर प्रखंड अंतर्गत 955 TB स्क्रीनिंग
17. हिलसा प्रखंड अंतर्गत 755 TB स्क्रीनिंग
18. हरनौत प्रखंड अंतर्गत 755 TB स्क्रीनिंग
19. गिरियक प्रखंड अंतर्गत 675 TB स्क्रीनिंग
20. बिहारशरीफ प्रखंड अंतर्गत 1010 TB स्क्रीनिंग
इस प्रकार नालन्दा जिले के सभी 20 प्रखंडों में प्रतिदिन कुल 12,785 टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें, ताकि नालन्दा जिला "टी.बी. मुक्त भारत अभियान" में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर सके।
इस अवसर पर बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Nishant Kumar - निशांत कुमार
Bihar Health Department
State Health Society, Bihar
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार
Nalanda, Bihar | Jul 2, 2026