*नगर निकाय चुनाव -2026*
*मतगणना को लेकर गणना कार्मिकों का बांगड महाविद्यालय में आयोजित हुआ प्रशिक्षण*
*वीसी के माध्यम से आयोजित हुआ रिटर्निग अधिकारियों का सीलिंग का प्रशिक्षण*
डीडवाना-कुचामन, 12 सितम्बर।जिले में 9 सितम्बर व 11 सितम्बर को हुए 8 निकायों के चुनाव की मत गणना से जुड़े कार्मिकों का प्रशिक्षण शनिवार को आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना के निर्देशानुसार जिले के सभी नगरीय निकायों के गणना सुपरवाइजर और गणना सहायक को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिहीन तरीके से संपन्न कराने के संबंध में गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण राजकीय बांगड महाविद्यालय में प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीडवाना-कुचामन जिले के सभी निकायों से कुल 124 गणना सुपरवाइजर (CS) और गणना सहायकों (CA) ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही, मतगणना व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रत्येक निकाय से 8-8 रिटर्निंग ऑफिसर (RO) टीम के सदस्यों ने भी प्रशिक्षण में भाग लेकर मतगणना के तकनीकी और विधिक पहलुओं की बारीकियों को समझा।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ईवीएम के कंट्रोल यूनिट से परिणाम निकालने, राउंडवार मतगणना की प्रविष्टि करने, मतों की गणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और भारत निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
*वीसी के माध्यम से आयोजित हुआ सीलिंग का प्रशिक्षण*
इसी क्रम में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारी (RO), सहायक रिटर्निंग अधिकारी (ARO) और उनके स्टाफ को SDMM सीलिंग की प्रक्रिया से संबंधित गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
इस दौरान जिला मास्टर ट्रेनर रघुवीर सिंह ने सम्पूर्ण सीलिंग प्रक्रिया की तकनीकी और विधिक बारीकियों की जानकारी दी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव डेमो देते हुए बताया कि मतदान और मतगणना से जुड़े विभिन्न चरणों में दस्तावेजों और सामग्रियों को किस प्रकार सुरक्षित और त्रुटिहीन तरीके से सील किया जाना है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीलिंग की इस प्रक्रिया में आयोग के नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
------------------------------
Didwana, Nagaur | Sep 12, 2026