4 बच्चों की मां से शादी को 200 फिट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक:मुंबई से फर्रुखाबाद पहुंचा, 6 घंटे बाद नीचे आया,
फर्रुखाबाद में प्रेमिका से शादी की जिद पर एक युवक 200 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। करीब 6 घंटे तक युवक टावर पर बैठा रहा और प्रेमिका को बुलाने की जिद करता रहा। युवक जिस महिला को बुलाने की मांग कर रहा था वो 4 बच्चों की मां है।
युवक का कहना है कि महिला उसे छोड़कर पति के साथ गाजियाबाद में रह रही है। पुलिस के समझाने पर 6 घंटे बाद 11 बजे युवक नीचे आ गया। युवक को देखने के लिए इतनी भीड़ लग गई कि फर्रुखाबाद-कायमगंज के मेन रोड पर जाम की स्थिति बन गई। बस-ट्रक और कार भी जाम में करीब 15 मिनट तक फंसे रहे। पुलिस को वाहन निकालने में भी मशक्कत करनी पड़ी।
कायमगंज नगर के पुल गालिब इलाके में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान उत्तराखंड के जिला अल्मोड़ा थाना डोरी हार के रहने वाले चंदन शेखावत (30) पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है। आज सुबह करीब 5 बजे युवक टावर पर चढ़ा।
खुद ही फोन करके पुलिस को बताया
उसके बाद खुद ही 'डायल 112' पर फोन करके पुलिस को इसकी जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल और फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चंदन से मोबाइल के जरिए बात की तो उसने अपनी पूरी दास्तान सुनाई।
सर्राफा व्यापारी के घर पर हुई थी मुलाकात
चंदन ने बताया कि मैं अल्मोड़ा का रहने वाला हूं। घर में पिता, मां के अलावा तीन बहने हैं। मैं कायमगंज में एक सर्राफा व्यापारी के पास काम करता था। उसी घर पर एक महिला खाना बनाने आया करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। 6 महीने पहले महिला को अपने घर ले गया। वहां 2 महीने तक साथ रखा। उसके बाद हरियाणा ले गया था और वहां भी एक महीने साथ रहे।
महिला को एटा में छोड़कर मुंबई गया
इसके बाद महिला के कहने पर उसे एटा में उसकी बहन के घर छोड़ दिया था। तब से उसकी न तो महिला से मुलाकात हुई है और न फोन पर बात। युवक मुंबई के बांद्रा में साउथ इंडियन कुक का काम करने लगा।बुधवार रात 2 बजे युवक मुंबई से कायमगंज पहुंचा और सुबह 5 बजे टावर पर चढ़ गया।
महिला की बेटी की उम्र शादी के लायक
चंदन ने बताया कि महिला की उम्र करीब 50 साल है और उसके 4 बच्चे हैं। उसकी एक बेटी शादी के लायक है, लेकिन फिर भी वह उसी के साथ रहना चाहता है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि महिला से मुलाकात कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ गाजियाबाद में रह रही है।
वीडियो बनाने को लगी भीड़
टावर की ऊंचाई लगभग 200 फीट होने के कारण पुलिस और रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी हुई।पुलिसकर्मियों ने जब आश्वासन दिया कि महिला को बुलाकर मुलाकात कराई जाएगी तब चंदन नीचे उतर आया। पुलिस युवक को अपने साथ लेकर थाने चली गई। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ लग गई।