चक्रवाती तूफान और भारी बारिश से फसलों को भारी नुकसान, सांसद रामप्रसाद चौधरी ने मांगा किसानों को मुआवजा
कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सर्वे कराकर शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की उठाई मांग
बस्ती। पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान और लगातार हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को व्यापक क्षति पहुंची है। खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बस्ती के सांसद रामप्रसाद चौधरी ने प्रदेश के कृषि मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा कि बस्ती सहित पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। प्राकृतिक आपदा की मार से किसानों की महीनों की मेहनत प्रभावित हुई है। ऐसे में किसानों को तत्काल राहत पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमों से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का स्थलीय सर्वे कराया जाए, नुकसान का वास्तविक आकलन तैयार किया जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
सांसद रामप्रसाद चौधरी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और प्राकृतिक आपदा के समय सरकार का दायित्व है कि वह किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
फसल नुकसान के सर्वे और मुआवजे की मांग से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
Basti, Basti | Sep 27, 2026