चक्रवात से धान-गन्ने की फसल तबाह, किसानों के मुआवजे की मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, तत्काल सर्वे कराकर उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग
बस्ती। चक्रवात के प्रभाव से हुई तेज बारिश, आंधी और प्रतिकूल मौसम ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में जलभराव और तेज हवाओं के चलते धान की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचने के साथ ही गन्ने की फसल भी प्रभावित हुई है। फसल क्षति से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला कांग्रेस कमेटी-बस्ती के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से किसानों की महीनों की मेहनत प्रभावित हुई है, ऐसे में शासन स्तर से तत्काल राहत पहुंचाना जरूरी है।
जिलाध्यक्ष ने मांग की कि प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर तत्काल सर्वे कराया जाए। सर्वे के दौरान फसल क्षति का वास्तविक आकलन दर्ज करते हुए पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
उन्होंने फसल बीमा से आच्छादित किसानों के मामलों का भी शीघ्र निस्तारण कर बीमा क्षतिपूर्ति की राशि जल्द दिलाने की मांग की। साथ ही आगामी फसल की तैयारी के लिए प्रभावित किसानों को आवश्यक कृषि इनपुट और अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में किसानों को राहत देने के लिए सरकारी मशीनरी को सक्रियता के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि फसल नुकसान झेल रहे किसानों को समय से सहायता मिल सके।
Basti, Basti | Sep 27, 2026