*बस्ती में धूमधाम से मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्मशती, सांसद बस्ती रामप्रसाद चौधरी बोले- सत्ता नहीं सिद्धांत की राजनीति करते थे चंद्रशेखर जी* 27 सितंबर 2026
*जनपद बस्ती।* देश के पूर्व प्रधानमंत्री और समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ रहे चंद्रशेखर जी की 100वीं जयंती (जन्मशती वर्ष 1927-2027) आज बस्ती में बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित गोविन्द राम सक्सेरिया इंटर कॉलेज के हॉल में एक भव्य जन्मशती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह स्थल पर सुबह 10 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। हॉल चंद्रशेखर जी के विचारों वाले बैनर — "जिन हाथों में शक्ति भरी है राजतिलक करने की, उन्हीं हाथों में ही ताकत है सिर उतार लेने की" से सजा हुआ था।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में बस्ती के लोकप्रिय सांसद रामप्रसाद चौधरी मौजूद रहे। माइक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर जी को लोग यूं ही 'युवा तुर्क' नहीं कहते थे। वे एक ऐसे नेता थे जो संसद में अकेले खड़े होकर भी पूरे सिस्टम को चुनौती दे देते थे। सांसद ने कहा, "चंद्रशेखर जी कभी सत्ता के लिए राजनीति नहीं करते थे, वे सिद्धांत की राजनीति करते थे। उन्होंने हमेशा कहा कि दिल्ली की राजनीति गांव की झोपड़ी से तय होनी चाहिए। आज जब हम उनकी जन्मशती मना रहे हैं तो हमें उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना होगा।"
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे चंद्रशेखर जी की लिखी किताबों और उनके संसदीय भाषणों को पढ़ें।
*देश भर से पहुंचे विद्वानों ने रखे विचार*
इस जन्मशती समारोह में सिर्फ बस्ती ही नहीं, देश भर से विद्वान वक्ता पहुंचे थे। डॉ. राकेश पाठक ने कहा कि चंद्रशेखर जी पत्रकारों के सच्चे मित्र थे। प्रो. राजकुमार जैन और प्रो. अरुण त्रिपाठी ने उनके समाजवादी चिंतन पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुनीलम और डॉ. रघुवंश मणि त्रिपाठी ने किसानों और मजदूरों के लिए उनके संघर्ष को याद किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. हरी ओम श्रीवास्तव ने किया, प्रमुख रूप से मौजूद रहे रजवन्त सिंह, राजकुमार पाण्डेय, अजय कुमार सिंह अखण्ड, अनिल कुमार सिंह, सुधाकर शाही, श्रवण कुमार सिंह, गोपाल जी गौतम, मोहम्मद इब्राहिम बढ़नी, प्रहलाद गुप्ता और सिराज अहमद मगहर प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अंत में सभी ने चंद्रशेखर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 27, 2026