*IMD अलर्ट के बाद बस्ती प्रशासन अलर्ट मोड पर, DM- SP ने किया कटरिया-चांदपुर तटबंध और टांडा-कलवारी पुल का निरीक्षण*
*जनपद बस्ती, 26 सितंबर 2026*
मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश एवं तेज हवाओं की चेतावनी के दृष्टिगत बस्ती जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने आज संयुक्त रूप से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
इसी क्रम में DM और SP की टीम ने *कटरिया-चांदपुर तटबंध तथा टांडा-कलवारी पुल* के आसपास सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति, सरयू नदी के जलस्तर, आवागमन तथा आसपास के संवेदनशील गांवों का जायजा लिया और सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह व सत्येन्द्र गौतम से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान DM ने निर्देश दिया कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए तटबंध और नदी के किनारे विशेष निगरानी रखी जाए। जलस्तर में वृद्धि, कटान या तटबंध में किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। संवेदनशील स्थानों पर राजस्व, पुलिस और बाढ़ विभाग की टीमें 24 घंटे सतर्क रहें।
साथ ही निर्देश दिया गया कि नदी एवं तटबंध के आसपास लोगों की अनावश्यक आवाजाही रोकी जाए और स्थानीय लोगों को लगातार जागरूक किया जाए। राहत एवं बचाव उपकरणों को पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने जनपद वासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और नदी, नालों, तटबंधों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें।
*निरीक्षण के दौरान* मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, *अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता*, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, राजेश यादव, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, सत्येन्द्र गौतम, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 26, 2026