जिलाधिकारी ने बिजली आपूर्ति, लाइन लॉस और राजस्व वसूली की समीक्षा की, जर्जर तार-ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश
हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में विद्युत विभाग एवं नेडा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विद्युत आपूर्ति, लाइन लॉस, राजस्व वसूली तथा उपभोक्ता शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अनावश्यक कटौती और ट्रिपिंग की समस्या का तत्काल समाधान कराने के साथ ही जर्जर विद्युत तारों एवं ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को निर्धारित समयावधि में हटवाने तथा आईपीडी, आरडीएसएस सहित अन्य योजनाओं के कार्यों को समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।
विद्युत चोरी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंताओं समेत सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को सही और समय से बिजली बिल उपलब्ध कराया जाए। गलत बिलिंग से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण तथा मीटर रीडिंग की शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने संबंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों से योजना से संबंधित पत्रावलियों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित संबंधित विभागों और बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 20, 2026