न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह ग्रामों में हुआ विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन
बड़वानी 19 नवंबर 2026/म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी श्री महेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी द्वारा न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुँच और निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं के बारे में शिक्षित करने के उद्देश्य से दिनांक 19 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत चारणखेड़ा एवं ग्राम पंचायत सिलावद में विधिक जागरूकता साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
विधिक जागरूकता साक्षरता शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री कपिल वर्मा, श्री रॉबिन दयाल जिला विधिक सहायता अधिकारी, पंचायत इंसपेक्टर श्री मुकेश वर्मा एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।
उक्त शिविर में कपिल वर्मा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ग्रामीणों को सम्पत्ति में अधिकारों के बारे में बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को पैतृक एवं स्वयं अर्जित संपत्ति में विधि अनुसार अधिकार प्राप्त है। नशे के दुषपरिणाम, डॉन स्कीम, संवाद स्कीम, रघुहा, गरीबी उन्मूलन, म.प्र. अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना, लोक अदालत, मध्यस्थता अनुसूचित जाति जन जाति के अधिकार, बाल विवाह मुक्त भारत, व शासन की कल्याण कारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही उपस्थित व्यक्तियों को आधार अपडेशन, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि के बारे में भी जानकारी दी गई।
श्री रॉबिन दयाल जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा शिविर को संबोधित करते हुए वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन धोखाधडी, ओटीपी साझा करने, फर्जी कॉल, लिंक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की समझाइश दी। साथ ही ग्रामीणों को घरेलू हिंसा के बारे में बताया कि महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, मौखिक, भावनात्मक एवं आर्थिक प्रताडना से संरक्षण प्राप्त करने का कानूनी अधिकार है। उन्होंने घरेलू हिंसा से पीडित महिलाओं को उपलब्ध कानूनी सहायता, संरक्षण एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया।
विधिक जागरूकता / साक्षरता शिविर में ग्राम पंचायत सरपंच तथा ग्रामीणजन, श्रमिकजन उपस्थित रहे जिन्होने शिविर का लाभ लिया।