*पानसेमल के ग्राम सकराली बुजुर्ग में आयोजित हुई 24वीं #रात्रि_चौपाल*
......
*17 कृषकों को निःशुल्क बीज वितरण, कृषि आय वृद्धि। व विभागीय योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी*
बड़वानी 19 नवंबर 2026/मध्यप्रदेश शासन के 'कृषक कल्याण वर्ष 2026' के अंतर्गत कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग, बड़वानी द्वारा पानसेमल विकासखंड के ग्राम सकराली बुजुर्ग में 24वीं रात्रि चौपाल आयोजित की गई।
*17 कृषकों को मिला निःशुल्क बीज वितरण का लाभ*
चौपाल के दौरान कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कृषकों को आय बढ़ाने के विभिन्न स्रोतों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री रमेश सिसोदिया, जनपद पंचायत पानसेमल अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वासवे, सरपंच श्री उदय सिंह चौहान, कृषि समिति के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 17 कृषकों को निःशुल्क बीज वितरित किए गए, जिनमें 12 कृषकों को चना तथा 5 कृषकों को सरसों के बीज प्रदान किए गए।
*खेती के साथ पशुपालन व दुग्ध उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय : कलेक्टर श्रीमती सिंह*
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि 'कृषक कल्याण वर्ष 2026' के तहत कृषि चौपालों के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आय वृद्धि के उपायों और कृषक हितैषी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। खेती-किसानी के साथ ही पशुपालन कृषकों के लिए अपनी आय बढ़ाने का एक बेहतर विकल्प हो सकता है। कृषक एवं गाँव की महिलाएँ भी आजीविका समूहों के माध्यम से पशुपालन व दुग्ध उत्पादन की गतिविधियों को अपनाकर इसे अपनी आय का स्रोत बना सकती हैं। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने किसानों को कम सिंचाई में तैयार होने वाली फसलों को भी प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व संबंधी समस्याएँ रखीं। समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए कलेक्टर ने मैदानी अमले को मौके पर पहुँचकर प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक भटकना न पड़े।
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Badwani