वन मंडल चंबा के वन परिक्षेत्र मसरूंड के मोहड़ी, मुघराट, माणी में तैनात नर्सरी में कार्यरत नर्सरी वर्करों को बीते 3 साल से वेतन नहीं मिल पाया है। जिसके बारे में कई बार मांग के बावजूद वेतन जारी न होने से वर्करों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। नर्सरी वर्करों ने भाजपा कार्यसमिति सदस्य जय सिंह की अगुवाई में उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना- प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि नियमित वेतन न मिलने के कारण घर का खर्च चलाना कठिन हो गया है। कई कर्मचारियों के बच्चे जिला से बाहर पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी फीस, रहने और खाने-पीने का खर्च अब उनके लिए उठाना मुश्किल हो रहा है। वेतन में लगातार देरी के कारण कर्मचारियों को कर्ज लेने या दैनिक जरूरतों में कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वर्करों ने बताया कि वे पौध उत्पादन, रोपण और देखभाल जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन न मिलने से उनका मनोबल टूट रहा है। बिना पैसे के अजीविका चलाना पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। नर्सरी वर्करों ने वन विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि उनका लंबित वेतन शीघ्र जारी किया जाए। उन्होंने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि जल्द उन्हें वेतन नहीं मिला तो वह भूख- हड़ताल करने को मजबूर हो जाएंगे। उन्हाेंने बताया कि उनके पास इसके अलावा अन्य कोई कार्य नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि उनका 3 वर्ष का मानदेय जारी किया जाए।
#Jay #Singh #Bhajpa #Karya #Samiti #sadasya
Chamba, Chamba | Nov 2, 2026