दुर्गा पूजा एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के नेतृत्व में जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इसके माध्यम से आमजनों को यह संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्कतापूर्वक नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने पर्व के दौरान आमजनों से आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी लोग प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही। ऐसे तत्वों से सख्ती के साथ निपटने का निर्देश दिया गया है।
बड़ी दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में आमजनों एवं स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई। व्यवस्थाओं को लेकर कुछ लोगों द्वारा परेशानी की सूचना दिए जाने पर आज कोतवाली थाना परिसर में स्थानीय लोगों तथा पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए आपसी संवाद के माध्यम से गलतफहमियों को दूर किया गया तथा सभी से आपसी सौहार्द एवं समन्वय के साथ प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इन व्यवस्थाओं को सफल बनाने के लिए स्थानीय नागरिकों, पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं का सहयोग अपेक्षित है।
जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सभी जिलावासियों से अपील किया है कि वे दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में मनाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा, समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला एवं पुलिस प्रशासन को दें।
पर्व की वास्तविक खूबसूरती आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द में है। अतः सभी जिलावासी एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
Munger, Bihar | Oct 16, 2026