दुर्गा पूजा मेला, रावण वध कार्यक्रम एवं प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भक्तिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज प्रेक्षा गृह, मुंगेर में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में जिला एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों तथा कर्मियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, एसडीओ, एसडीपीओ सहित अन्य उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि कल से अगले एक सप्ताह तक की अवधि जिला एवं पुलिस प्रशासन के लिए अत्यंत संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण रहने वाली है। इस दौरान दुर्गा पूजा मेला, रावण वध कार्यक्रम तथा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता होती है। ऐसे में भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन, विधि-व्यवस्था का संधारण, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता, सजगता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि सभी कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा चूक परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहेंगे तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करेंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए परिस्थितियों पर लगातार नजर रखें।
भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने मेला स्थलों, पूजा पंडालों, रावण वध कार्यक्रम के आयोजन स्थल तथा विसर्जन मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि भीड़ की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जाए तथा आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस बल पूरी तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आवश्यकतानुसार वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए आवागमन की सुविधा सुनिश्चित रखने पर भी जोर दिया। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्रवाई एवं सतत निगरानी से ही इन आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है। पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी समस्या अथवा संभावित व्यवधान की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु एवं नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
जिला प्रशासन की आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, श्रद्धालुओं, पूजा समितियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों से अपील किया है कि वे शांति, सद्भाव एवं आपसी सहयोग के साथ पर्व मनाएं। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अनावश्यक धक्का-मुक्की से बचें तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करें। किसी संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। पूजा समितियां भी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण बनाने में सक्रिय सहयोग करें। जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि दुर्गा पूजा मेला, रावण वध कार्यक्रम एवं प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा श्रद्धा, आस्था, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों तथा प्रत्येक नागरिक सुरक्षित महसूस करे।
किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के इस नम्बर 06344291033 पर सम्पर्क कर सूचना दी जा सकती है।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Oct 16, 2026