*अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन, बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का लिया गया संकल्प*
आज दिनांक 27 नवंबर 2026को जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, औरंगाबाद के तत्वावधान में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली अनुग्रह इंटर विद्यालय से प्रारंभ होकर समाहरणालय परिसर तक निकाली गई। इसमें जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से आमजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया गया।
रैली के उपरांत टाउन हॉल में बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण हेतु शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) श्रीमती विनीता कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दयाशंकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां तथा दीव ज्योति कल्याण संस्थान के कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में बाधक है। इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है। इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासन को सूचित करें तथा बाल विवाह उन्मूलन के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत रथ को उप विकास आयुक्त, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), जिला शिक्षा पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जीविका डीपीएम एवं जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ के माध्यम से भी जिले में बाल विवाह के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का अधिकार है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए परिवार, समाज एवं प्रशासन को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाल विवाह मुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
#icds #SocialWelfare #aurangabad #DistrictAdministration #CMSamrat Social Welfare Department, Government of Bihar