जर्जर सड़कों से ग्रामीण परेशान, ग्रामीणों ने डीएम से की शीघ्र मरम्मत की मांग
संतकबीरनगर। धनघटा तहसील क्षेत्र के नाथनगर ब्लॉक में जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। सुबरवरी तिराहा पुलिया से जोगराजा, भिनखिनी खुर्द, बहराई एवं केवटहिया होते हुए ग्राम पंचायत सिदाही मार्ग तक जाने वाली करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव के अभाव में बदहाल हो चुकी है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है। हालत यह है कि गांव तक स्कूल वाहन और बसें पहुंचने में भी परेशानी हो रही है, जिससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी काफी परेशानी होती है।
इसके अलावा हरपुर से बंदपुर तक की जर्जर पिच सड़क की मरम्मत की मांग भी ग्रामीणों ने की है। लालचंद दुसाध, लोजपा जिलाध्यक्ष संतकबीरनगर की अगुवाई में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर दोनों मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग रखी।
इस दौरान उदयभान यादव, प्रदीप, शैलेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, प्रवीण कुमार, उपेंद्र कुमार, इदरीश कुमार, रामचंद्र, अखिलेश, प्रदीप, मदनलाल, रिंटू यादव, रमेश चंद्र, सोनू, रामकिशन, विजय यादव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।