#पर्यावरण मिनी मैराथन एक नवंबर को, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी छात्र सहायता समिति
#सतीश चंद्र कॉलेज चौराहे से सुबह सात बजे होगा शुभारंभ, टाउन डिग्री कॉलेज में होगा पुरस्कार वितरण
#बलिया, #31अक्टूबर। छात्र सहायता समिति, बलिया की ओर से आयोजित पर्यावरण मिनी मैराथन-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार की रात समीक्षा बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में प्रतिभागियों के पंजीकरण, आयोजन की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत और व्यवस्थाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रमुख सर्वदमन कुमार जायसवाल ने बताया कि पर्यावरण मिनी मैराथन का शुभारंभ एक नवंबर को सुबह सात बजे सतीश चंद्र कॉलेज चौराहे से होगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक दयाशंकर सिंह तथा जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि समिति की ओर से सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और टोपी प्रदान की जाएगी। मिनी मैराथन सतीश चंद्र कॉलेज चौराहे से शुरू होकर बलिया रेलवे स्टेशन के सामने, बिशुनीपुर चौराहा, पानी टंकी चौराहा और जगदीशपुर चौराहा होते हुए ओवरब्रिज के रास्ते सिविल लाइंस पुलिस चौकी के निकट पहुंचेगी। यहां से धावक टाउन डिग्री कॉलेज के मैदान स्थित मनोरंजन हॉल पहुंचेंगे, जहां दौड़ का समापन होगा। इसके बाद मनोरंजन हॉल में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में समिति के महामंत्री धनंजय सिंह, रामेश्वर वर्मा, अशोक कुमार, रेनू वर्मा, रतन प्रकाश वर्मा, प्रहलाद खरवार, अखिलेश सिंह, पवन सिंह, लक्ष्मण यादव, धर्मेंद्र चौरसिया, संतोष सिंह, कमलेश चंद्र गुप्ता, गोविंद, अमित कुमार, सुशील कुमार (बबलू) और आदिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन रामेश्वर वर्मा ने किया।