#अर्नव #तूफान की बारिश से किसानों की पकी फसल बर्बाद, #मेहनत पर फिरा #पानी
#31अक्टूबर
अर्नव तूफान के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल बारिश के कारण बर्बाद हो गई, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सिकन्दरपुर तहसील क्षेत्र के नेमा के टोला और घूरी बाबा के टोला में किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
नेमा के टोला निवासी किसान राघवेन्द्र यादव, विजय बहादुर यादव, बलविंदर यादव और पुष्पा की फसल बारिश से प्रभावित हुई है। वहीं घूरी बाबा के टोला निवासी किसान गोरखनाथ यादव भी फसल बर्बाद होने से परेशान हैं। किसानों का कहना है कि बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर हजारों रुपये खर्च कर उन्होंने फसल तैयार की थी। पककर तैयार फसल से अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
फसल बर्बाद होने से किसानों को अब परिवार के भरण-पोषण और अगली फसल की बुवाई की चिंता सताने लगी है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित गांवों में फसल क्षति का सर्वे कराया जाए और नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिलाया जाए। किसानों का कहना है कि समय रहते आर्थिक सहायता नहीं मिली तो उनके सामने खेती-किसानी जारी रखना भी मुश्किल हो जाएगा।