बलिया जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह को शनिवार को कई खामियां देखने को मिलीं। अस्पताल में खराब स्ट्रेचर देखकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों से व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
अस्पताल में खराब स्ट्रेचर की स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय कुमार राय को निर्देश दिया कि तत्काल पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि मरीजों को अस्पताल में आने-जाने और उपचार के दौरान परेशानी न हो।
डीएम ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए बेड पर बिछी चादरों की स्थिति भी देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों की बेडशीट नियमित रूप से बदली जाए और अस्पताल में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मरीजों की सुविधाओं और जरूरी संसाधनों के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#ballia #DmBallia #DistrictHospital #gyanendrasingh #Balliakhabar #स्वास्थ्यविभाग #जिलाअस्पताल #बलियाख़बर
Belthara Road, Ballia | Oct 31, 2026