लूणा-छतराड़ी-कूंर सड़क की मरम्मत तेज, लोगों ने सरकार व विभाग का जताया आभार
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग द्वारा लूणा-छतराड़ी-कूंर सड़क को दुरुस्त करने के लिए पिछले करीब 15 दिनों से लगातार मशीनरी और कर्मचारियों को तैनात कर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह पड़े स्लिप और मलबे को हटाने के साथ-साथ सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा यातायात को सुचारु बनाने का कार्य जारी है।
20 सितंबर से ऐतिहासिक राज्य स्तरीय माता शिव शक्ति जातर मेले का आयोजन होना है। ऐसे में मेले से पहले सड़क की स्थिति में सुधार होने से स्थानीय लोगों और मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत के लिए प्रदेश सरकार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा विभाग के अधिकारियों का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि पहली बार करीब 15 दिनों से लगातार इस सड़क को सुधारने के लिए विभाग की मशीनरी और कर्मचारी मौके पर तैनात हैं, जिससे सड़क की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विभाग की ओर से तैनात कर्मचारी आत्माराम सड़क को बेहतर बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। लूणा से लेकर कूंर तक सड़क को यातायात के लिए सुगम बनाने में उनके योगदान की स्थानीय लोगों ने विशेष रूप से सराहना की है।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक सड़क की मरम्मत और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में शिव शक्ति युवक मंडल के पूर्व प्रधान सुखपाल शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क को दुरुस्त करने के लिए सरकार और विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
लोगों ने उम्मीद जताई कि माता शिव शक्ति जातर के आयोजन से पहले सड़क का शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी।