अवैध खनन एवं रेत परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने चंबल घाटों का किया निरीक्षण
मुरैना/ कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने रविवार को राजघाट चंबल, रिठोरा घाट एवं कुल्हाड़ा घाट का संयुक्त निरीक्षण कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर तैनात पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों को अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि घाटों पर स्थापित स्थायी पुलिस चौकियों एवं टेंटों में तैनात बल पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निगरानी बनाए रखे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अवैध रेत परिवहन नहीं होना चाहिए। यदि कहीं भी अवैध गतिविधि अथवा रेत परिवहन की आशंका दिखाई दे तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने भी पुलिस बल को निरंतर गश्त एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने राजघाट स्थित एसएएफ कैंप से रेलवे पुल तक समूचे घाट क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं तैनात बल की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी निगरानी एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने भ्रमण के दौरान स्थानीय ग्रामवासियों से भी संवाद किया तथा उन्हें अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन को रोकने में प्रशासन का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि चंबल क्षेत्र में अवैध खनन एवं रेत परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए निरंतर निगरानी एवं संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी हरीश चंद्र बघेल, राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग के संबंधित अधिकारी तथा पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।