खेत में शीशम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, नशे की लत से परेशान था मृतक
हरदोई लोनार। कोतवाली क्षेत्र के दुधिया भुड़िया गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने गांव के ही एक 35 वर्षीय युवक का शव अपने खेत में शीशम के पेड़ से लटका देखा। मृतक की पहचान महेंद्र पुत्र स्व. बालकराम के रूप में हुई है। शव उसकी मां की साड़ी के पल्लू के फंदे से लटका हुआ पाया गया।परिजनों ने बताई नशे की लत परिजनों के अनुसार, महेंद्र सोमवार देर शाम से घर से गायब था। उसकी वृद्ध मां रामश्री पूरी रात उसे तलाशती रहीं, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखा तो परिवार को सूचना दी। मृतक के बड़े भाई अवधेश ने बताया कि महेंद्र लंबे समय से नशे की गंभीर लत का शिकार था। इसी लत के कारण उसके व्यवहार में बदलाव और घर में अक्सर तनाव रहता था। नशे की आदत की वजह से ही उसका विवाह भी नहीं हो पाया था।सूचना मिलते ही लोनार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। लोनार कोतवाल सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।महेंद्र चार भाइयों में तीसरा था। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। युवक के इस आत्मघाती कदम से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
Hardoi, Hardoi | Jul 7, 2026