12 लाख की लकड़ी चोरी में नया मोड़, SHO के बयान से प्रशासनिक मिलीभगत की खुली पोल
.
#हरदोई: अतरौली थाना क्षेत्र के भाटपुर गांव में करीब 12 लाख रुपये की लकड़ी चोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित किसान बाबूराम शुक्ला ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पीड़ित के अनुसार आज मंगलवार को वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। उनका दावा है कि एसपी ने अतरौली थाना प्रभारी से फोन पर पूछा कि चोरी की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्यों छोड़ा गया और अब तक आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि इस पर थाना प्रभारी ने जवाब दिया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को "एसडीएम संडीला के निर्देश पर छोड़ा गया।" हालांकि, इस कथित बातचीत की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अब इस प्रकरण में प्रशासन का पक्ष सामने आने का इंतजार है, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
#रिपोर्ट: अखिल सिंह चंदेल
Hardoi, Hardoi | Jul 7, 2026