आज दिनांक 12.09.2026 को रोहतास जिले में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा चेनारी प्रखंड का दौरा कर एयरपोर्ट निर्माण के लिए संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा भूमि की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों के साथ चेनारी प्रखंड के सबराबाद क्षेत्र पहुंचकर प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता, स्थल की भौगोलिक स्थिति, सड़क संपर्क तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों से भूमि की प्रकृति, उपलब्ध रकबा एवं स्थल से संबंधित आवश्यक विवरणों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, चेनारी को संभावित स्थल से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं भूमि का विस्तृत प्रपोजल तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं को लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र में बेहतर हवाई कनेक्टिविटी स्थापित होने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही जिले के महत्वपूर्ण पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों तक आवागमन सुगम बनाने में भी हवाई सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
उन्होंने विशेष रूप से भूमि की उपलब्धता, स्थल की उपयुक्तता, आसपास की आधारभूत संरचना तथा आवागमन की सुविधा से संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी संकलित करने को कहा। बताया गया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एयरपोर्ट स्थल की हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी एक महत्वपूर्ण पहलू है।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मोहम्मद जफर हसन, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनय प्रताप, स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
#IPRD
#BiharGovernment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 12, 2026