राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, वरिष्ठ कांग्रेसजनों को किया सम्मानित
#छपरा, 20 अगस्त। सारण जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से गुरुवार को कांग्रेस भवन, छपरा में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 82वीं जयंती सह सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के विचारों को याद करते हुए आधुनिक, शिक्षित और वैज्ञानिक सोच वाले भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सारण जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. शंकर चौधरी और सोनपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार राय ने संयुक्त रूप से की। इससे पहले कांग्रेस भवन, साधनापुरी से सद्भावना यात्रा निकाली गई, जो नगर पालिका चौक होते हुए थाना चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान राजीव गांधी अमर रहें, प्रेम, एकता और भाईचारा जिंदाबाद तथा सामाजिक सद्भाव जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सारण जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. शंकर चौधरी ने कहा कि राजीव गांधी ऐसे नेता थे, जिन्होंने भारत को आधुनिक और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्र में उन्होंने नई सोच के साथ देश को विकसित भविष्य की ओर ले जाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का विश्वास था कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके छात्र, युवा और प्रतिभाएं हैं।
सोनपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर कुमार राय ने कहा कि आज देश को आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता की सबसे अधिक जरूरत है। जाति, धर्म और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली सोच से ऊपर उठकर इंसानियत और भारतीयता को मजबूत करना होगा। यही राजीव गांधी के सपनों को साकार करने का रास्ता है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कामेश्वर प्रसाद सिंह ‘विद्वान’ ने कहा कि राजीव गांधी जयंती सह सद्भावना दिवस पर ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जो शिक्षित, वैज्ञानिक सोच वाला, आधुनिक और मजबूत हो तथा जहां हर नागरिक को सम्मान, समान अवसर और न्याय मिले। उन्होंने कहा कि यही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कांग्रेसजनों को ‘राजीव रत्न सम्मान’ से सम्मानित करने की शुरुआत की गई। जिलाध्यक्षों और अतुल कुमार सिंह की ओर से डॉ. कामेश्वर प्रसाद सिंह ‘विद्वान’, प्रो. चंद्रिका यादव, प्रो. जयराम सिंह, मनोज भारद्वाज सहित 15 वरिष्ठ कांग्रेसजनों को माला, अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
#RajivGandhi | #Congress | #chhapra | #Saran | Indian National Congress - BIHAR
Chapra, Saran | Aug 21, 2026