सलेमपुर की सड़क कब बनेगी? ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार, बोले-अब आश्वासन नहीं, सड़क चाहिए
हरदोई अहिरोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत डही के सलेमपुर गांव में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के दावों के बीच उनका गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। कीचड़ और दलदल भरे रास्ते से आवागमन करना ग्रामीणों की मजबूरी बना हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक, खराब रास्ते के कारण गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, किसानों को भी कृषि कार्यों के लिए आने-जाने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान रास्ते की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरदोई से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को गांव भेजने और सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या के समाधान के लिए केवल आश्वासन देने के बजाय सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जानी चाहिए।
ग्रामीणों के बीच सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे चुनाव बहिष्कार जैसे कदम उठाने पर विचार कर सकते हैं।
अब सवाल यह है कि सलेमपुर के ग्रामीणों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा? ग्रामीणों की निगाहें जिलाधिकारी और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाएगा
Hardoi, Hardoi | Oct 12, 2026