पुलिस की सख्ती और एसओजी जांच में खुला राज, अवैध संबंध के चलते पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की गोली मारकर हत्या।
गाजियाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जान ली और फिर शातिर तरीके से मामले को मोड़ने की कोशिश की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीमपुर के रहने वाले अंशुल ने 10 वर्ष पूर्व निशा से प्रेम विवाह किया था और उसे लेकर गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में किराए पर रहने लगा था, जहां दोनों एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करते थे। कुछ समय बाद अंशुल ने अपनी दीदी और जीजा को भी उसी फैक्ट्री में काम करने के लिए बुला लिया और अपनी ही बिल्डिंग में एक कमरा किराए पर दिलवा दिया। अंशुल जब नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करता था, तब उसके जीजा का घर पर आना-जाना बढ़ा और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
कुछ दिन पहले अंशुल ने व्हाट्सएप पर कुछ आपत्तिजनक चैट देख ली थी, जिसके बाद उसे इस अवैध संबंध की जानकारी हुई। शर्मिंदगी के कारण उसने अपने जीजा से तो कुछ नहीं कहा, लेकिन अपनी पत्नी निशा को डांट दिया। इस बात से खफा होकर पत्नी ने अपने प्रेमी को पूरी बात बताई, जिसके बाद प्रेमी ने नया कट्टा खरीदा और 10 तारीख को गोली मारकर अंशुल की हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद आरोपी पत्नी ने बड़ी चालाकी से गजब की रोने की एक्टिंग की और सारा शक व आरोप मकान मालिक पर मढ़ दिया। हालांकि, पुलिस कमिश्नर को महिला के ड्रामे पर शक हुआ और मामला SOG टीम को सौंप दिया गया। SOG टीम की पूछताछ में महिला ने सब कुछ सच उगल दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की पत्नी निशा और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Hardoi, Hardoi | Oct 12, 2026