✅ सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता शिविरों का हुआ आयोजन
✅ बच्चों के सपनों को दें उड़ान, सुरक्षा और शिक्षा का रखें ध्यान
म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशनुसार एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा प्रारंभ किए गए “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में दिनांक 03-11-2026 को सेंट मैरी स्कूल एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ठ विद्यालय, हरदा में विद्यार्थियों के लिए विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
सेंट मैरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में माननीय विशेष न्यायाधीश महोदय श्री जयदीप सिंह द्वारा उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि “सुरक्षित बचपन अभियान” का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सुरक्षित एवं उज्जवल भविष्य को सुनिश्चित करने तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बाल संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण एवं बाल तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, बच्चों से संबंधित विभिन्न कानून जैसे किशोर न्याय (बालकों की देख-रेख और संरक्षण) अधिनियम 2015, के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में श्रीमती चेतना रूसिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, हरदा द्वारा विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, बाल अधिकारों, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह की रोकथाम एवं चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बच्चों को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति अथवा संबंधित प्राधिकरण से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ठ विद्यालय, हरदा में आयोजित शिविर में श्री निसार अहमद, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, हरदा द्वारा बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बाल शोषण जैसी सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन, तथा प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, संरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार अथवा शोषण की स्थिति में बिना भय के उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को उनके मौलिक एवं विधिक अधिकारों, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान, निषिद्ध आचरण एवं ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं दण्डात्मक परिणामों से अवगत कराया गया।
शिविर में श्री अमित मालवीय, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, हरदा द्वारा बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि या शोषण की स्थिति में चुप न रहें बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बताया कि यदि कोई बच्चा संकट में है या उसे देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता है तो चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर श्री सौरभ कुमार दुबे जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनके उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बाल शोषण की शिकायत हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर अपराध की शिकायत हेतु हेल्पलाइन नंबर 1930, और निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी प्रदान की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों को बाल संरक्षण एवं कानूनी जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रमों के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग एवं साइबर विभाग से उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, बच्चों के अधिकारों, ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के माध्यमों से अवगत कराया गया।
शिविर में विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक चर्चा आयोजित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा समाज में प्रचलित बाल सुरक्षा से संबंधित भ्रांतियों एवं मिथकों का निवारण किया गया। उक्त शिविरों का आयोजन नालसा की थीम- कानून जानो, बचपन बचाओ के अनुसार किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को मध्य राज्य प्राधिकरण की योजनाओं के पम्पलेट्स का वितरण किया गया।
इसी क्रम में तहसील विधिक सेवा समिति खिरकिया अध्यक्ष श्री मोहित श्रीवास्तव, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, खिरकिया द्वारा शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ठ विद्यालय, खिरकिया में बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#SurakshitBachpan #LegalAwareness
#Harda #हरदा