राष्ट्रीय हैंडबॉल में मध्यप्रदेश को दिलाया गोल्ड, कराते में भी चमके विज़न स्कूल के खिलाड़ी
31 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने किया सम्मान, हैंडबॉल और बास्केटबॉल में राज्य स्तर पर हुआ चयन
अनोखा तीर, हरदा। खेल प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन से विज़न इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, हरदा ने जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय, राज्य एवं संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश को प्रथम स्थान दिलाने से लेकर कराते में तीन स्वर्ण पदक जीतने तक विद्यार्थियों ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
विद्यालय के छात्र यशराज जाट ने अंडर-14 राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की टीम को प्रथम स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं अंडर-17 हैंडबॉल में मानस सेन, यांशिका जाट, नेहा विश्नोई एवं सहज बिश्नोई का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इसी तरह बास्केटबॉल में आर्या राजपूत एवं अन्वी चौरे ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। शिवांश पराशर ने संभागीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर राज्य स्तर पर अपनी जगह पक्की की। इसके अलावा नर्मदापुरम में आयोजित कराते लीग प्रतियोगिता में मानस सेन, पीहू सेन एवं ईशा राजपूत ने अपने-अपने वजन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों पर विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने 31 खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को बधाई देते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के संस्थापक एवं विधायक डॉ. आर.के. दोगने, संचालक कुणाल दोगने, प्राचार्य नितेश जैन, मुकेश गुर्जर, खेल शिक्षक एवं हैंडबॉल कोच गौतम विश्वकर्मा, कराते कोच रेणुका सेन सहित समस्त विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Harda, Harda | Nov 3, 2026