✅ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, जल संरक्षण पर रहेगा फोकस
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, जिला हरदा की मासिक समीक्षा बैठक जनपद पंचायत सभागृह में संभाग समन्वयक श्री कौशलेश तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नवांकुर संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा कर ग्रामीण विकास की भावी रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग समन्वयक श्री कौशलेश तिवारी ने कहा कि स्वावलंबन और स्वैच्छिकता ही ग्रामीण विकास की कुंजी है। नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए जा रहे नवाचार सराहनीय हैं। ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सहयोग से विकास कार्यों में गति लाने की आवश्यकता है।
जिला समन्वयक श्री संदीप गौहर ने कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में जल संरक्षण अभियान पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।
बैठक में हरदा, टिमरनी और खिरकिया विकासखंड के समन्वयकों ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। नवांकुर संस्थाओं द्वारा 'एक पेड़ मां के नाम', 'माटी सिद्ध गणेश', 'सेवा मेरा योगदान' और 'प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान' की जानकारी दी गई।
बैठक में विकासखंड समन्वयक श्री राकेश वर्मा, श्री अनुपम भारद्वाज, श्रीमती विनीता शाह सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#Harda #हरदा