बराबर हिल इको-टूरिज्म परियोजना का विधानसभा अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश
जहानाबाद,बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जहानाबाद जिले के ऐतिहासिक एवं विश्वविख्यात बराबर हिल क्षेत्र में संचालित 49.90 करोड़ रुपये की लागत वाली इको-टूरिज्म विकास परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इस परियोजना का उद्देश्य प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ बराबर हिल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
निरीक्षण के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी, गया वन प्रमंडल, शशिकांत कुमार ने परियोजना के विभिन्न घटकों एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा विकास कार्यों के दौरान पर्यावरणीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाए।
परियोजना के अंतर्गत अब तक रेड सैंडस्टोन से निर्मित सीढ़ियों एवं सुरक्षा रेलिंग का निर्माण, तालाब की गाद निकासी (डिसिल्टिंग) एवं सौंदर्यीकरण, सैंडस्टोन गज़ेबो, सैंडस्टोन बेंचों की स्थापना तथा नए प्रवेश द्वार (गेट) का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं घाट विकास से संबंधित कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
परियोजना के आगामी चरण में इंटरप्रिटेशन सेंटर, पर्यटकों के लिए बैठक स्थल, हरित पार्क, कैफेटेरिया, वेंडर ज़ोन तथा पार्किंग क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को बेहतर और विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बराबर हिल इको-टूरिज्म परियोजना राज्य सरकार की पर्यटन संवर्धन की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके पूरा होने पर जहानाबाद का यह ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर स्थल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।