जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के 40वें स्थापना दिवस समारोह में लिया भाग; विद्यार्थियों को उत्कृष्टता, अनुशासन जैसी मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश
जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नौरू (मकपा), प्रखंड मखदुमपुर, जहानाबाद में आयोजित नवोदय विद्यालय समिति के 40वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, जहां विद्यालय की एनसीसी यूनिट ने परंपरागत शैली में जिला पदाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर एवं विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर पुस्तकालय, जीव विज्ञान प्रयोगशाला, भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट लैब, कंप्यूटर लैब एवं अटल टिंकरिंग लैब का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्था, प्रयोगात्मक शिक्षा एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालय जीवन की पहली सीख का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यहीं से अनुशासन, संस्कार, सम्मान एवं व्यक्तित्व निर्माण की नींव पड़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों, माता-पिता, महिलाओं एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करने का मूलमंत्र दिया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, "आसमान की कोई सीमा नहीं होती, बड़े सपने देखने का साहस रखिए, अपने लक्ष्य स्वयं निर्धारित कीजिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत, लगन एवं ईमानदारी से कार्य कीजिए। यदि आपका संकल्प दृढ़ है, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।" उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विद्यालय के प्राचार्य राम शरण चौधरी ने अपने स्वागत संबोधन में नवोदय विद्यालय समिति के 40 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, विद्यालय की उपलब्धियों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना, "सजाओ घर को", तिरंगा समूह नृत्य, "कोई बोले राम-राम", "माँ तुझे सलाम", एरोबिक नृत्य, "गुरुदेव दया करें" तथा "ऐ वतन" जैसी आकर्षक सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियाँ दीं।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने सीबीएसई के मेधावी विद्यार्थियों एवं विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएँ एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 5, 2026